April 17, 2026 3:51 pm

इश्क का हाईवोल्टेज ड्रामा: एकतरफा प्यार में 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा सिरफिरा, 4 घंटे तक अटकी रही सांसें

Reported by: Adrash Tripathi 

Edited by: Amit Yadav 

Updated: 16 April, 2026 (Thrusday, 09:51pm)IST

महराजगंज/( कोतवाली/बागापार): कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एकतरफा प्यार में पागल एक युवक गांव के 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी रिश्तेदार युवती से शादी करने की जिद पर अड़ा था और नीचे न उतरने व कूदकर जान देने की चेतावनी दे रहा था। करीब चार घंटे चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

परिजनों ने तय की थी दूसरी जगह शादी:

मिली जानकारी के अनुसार, बागापार चौकी क्षेत्र का निवासी यह युवक अपनी एक रिश्तेदार युवती से एकतरफा प्रेम करता था। हाल ही में युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इस बात से नाराज होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया और सुबह-सवेरे मोबाइल टावर पर जा बैठा। ग्रामीणों ने जब उसे ऊपर देखा, तो हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की मनोवैज्ञानिक रणनीति आई काम:

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नागेन्द्र मणि पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घंटों की समझाइश के बाद भी जब युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ, तो पुलिस ने मनोवैज्ञानिक रणनीति अपनाई। पुलिस ने आनन-फानन में उस युवती को मौके पर बुलाया, जिससे युवक शादी करना चाहता था। युवती के सामने आते ही युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे नीचे उतर आया।

युवती ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव:

नीचे उतरते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। वहां दोनों पक्षों के बीच घंटों वार्ता हुई, लेकिन युवती ने युवक के साथ जीवन बिताने से स्पष्ट इनकार कर दिया। युवती ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह केवल अपने माता-पिता के निर्णय के अनुसार ही शादी करेगी।

“युवक और युवती के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की गई है। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

— नागेन्द्र मणि, चौकी प्रभारी

बॉक्स: गांव में बना रहा तनाव का माहौल:

टावर ड्रामे के दौरान गांव में मजमा लगा रहा। लोग युवक की सलामती की दुआएं मांगते रहे। गनीमत रही कि पुलिस की तत्परता से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। युवक के नीचे उतरने के बाद ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें