एस एस इण्टर कॉलेज करमहीं में तीन दिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का भव्य आगाज
Reported by: Amit Yadav
Edited by: Adrash Tripathi
Updated: 19 December, 2025 (Friday, 04:21pm)IST
सिसवा बाजार/महराजगंज: सिसवा विकास खण्ड के करमहीं स्थित एस एस इण्टर कॉलेज में गुरुवार को तीन दिवसीय प्रथम एवं द्वितीय सोपान स्काउट प्रशिक्षण शिविर का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित यह शिविर 18 दिसम्बर से 20 दिसम्बर 2025 तक चलेगा।
ध्वजारोहण से हुई शुरुआत:
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय मिश्रा ने स्काउट ध्वज फहराकर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्काउट प्रार्थना और झंडा गान प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि स्काउटिंग महज एक प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह युवाओं में निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने की भावना विकसित करती है और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए अनुशासन, सहयोग तथा नेतृत्व के गुण सिखाती है।
दिए गए व्यावहारिक गुरुमंत्र:
शिविर के पहले दिन एएलटी स्काउट उमेश गुप्ता और प्रशिक्षक केशव तिवारी ने प्रतिभागियों को स्काउटिंग के गौरवशाली इतिहास और मूल सिद्धांतों से परिचित कराया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को झंडा शिष्टाचार, प्रार्थना विधि, गांठ बांधना और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। शिविर को लेकर बच्चों में भारी उत्साह देखा गया।
इनकी रही मौजूदगी:
इस अवसर पर मुख्य रूप से स्काउट मास्टर राहुल शर्मा, सतीश पाण्डेय, आकाश पाण्डेय, मनीष पाण्डेय, अखिलेश पाण्डेय, जटाशंकर मिश्रा, राकेश गुप्ता और त्रिलोकी चौहान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक और बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड मौजूद रहे।













