पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज, गोरखपुर निवासी था मृतक
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 03 February, 2026 (Tuesday, 07:51pm)IST
महराजगंज/निचलौल: जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के कनमिसवा गांव के समीप सड़क निर्माण कार्य स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साथ में काम कर रहे कर्मचारी आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ड्यूटी के दौरान अचानक हुए अचेत:
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के थाना गगहा अंतर्गत ठठवली गांव निवासी सूरज सिंह (45 वर्ष) पुत्र उमाशंकर सिंह, निचलौल के कनमिसवा गांव के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य में बतौर गार्ड तैनात थे। गुरुवार को ड्यूटी के दौरान वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उनके साथियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों में मचा कोहराम:
गार्ड की मौत की सूचना जैसे ही उनके पैतृक गांव गोरखपुर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए महाराजगंज जिला अस्पताल भेज दिया है।
“प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— अखिलेश वर्मा, थानाध्यक्ष निचलौल













