मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत मिले 15 लाख रुपये, प्रधान प्रभाकर द्विवेदी की मेहनत लाई रंग
Reported by: Amit Yadav
Edited by: Adrash Tripathi
Updated: 03 April, 2026 (Friday, 12:51pm)IST
महराजगंज/बृजमनगंज: विकास की इबारत लिखने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में बृजमनगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत केशौली ने पूरे जिले में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत केशौली को जनपद की कुल 882 ग्राम पंचायतों में से चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ ही ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि की सौगात मिली है।
निजी जमीन और धन का किया दान:
केशौली के ग्राम प्रधान और कांग्रेस के जिला प्रवक्ता प्रभाकर द्विवेदी ने विकास के प्रति एक अनोखी मिसाल पेश की है। उन्होंने सरकारी परियोजनाओं को पूर्ण कराने के लिए अपनी निजी भूमि स्वेच्छा से दान कर दी। इतना ही नहीं, गाँव के संपर्क मार्ग की बाधाओं को दूर करने के लिए उन्होंने अपने निजी कोष से जमीन खरीदकर उसे रास्ते के लिए समर्पित कर दिया। प्रधान के इस निस्वार्थ समर्पण और पारदर्शी कार्यशैली को देखते हुए प्रशासन ने उनका चयन जिले की शीर्ष पंचायतों में किया।
ग्रामीणों में हर्ष का माहौल:
ग्राम पंचायत को 15 लाख रुपये की मंजूरी मिलने के बाद गांव के कायाकल्प की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। इस राशि का उपयोग गाँव में आधुनिक सुविधाओं, बेहतर जल निकासी और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुधारने में किया जाएगा।
“यह जीत पूरे केशौली परिवार की है। हमारा लक्ष्य पंचायत को मॉडल गांव बनाना है। शासन से मिली 15 लाख की राशि का एक-एक पैसा गांव के सर्वांगीण विकास पर खर्च होगा।”
— प्रभाकर द्विवेदी, ग्राम प्रधान (केशौली)
जिले के लिए बने प्रेरणास्रोत:
केशौली की इस सफलता ने जनपद की अन्य पंचायतों के लिए एक बेंचमार्क स्थापित किया है। जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने भी ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि हर जन प्रतिनिधि इसी सेवा भाव से कार्य करे, तो गांवों की सूरत बदलते देर नहीं लगेगी।













