Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 16 April, 2026 (Thrusday,10:15pm)IST
महराजगंज: जिले की सड़कों पर अब नियमों की अनदेखी करना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए सख्ती बढ़ा दी है। अभियान के पहले पखवाड़े (1 अप्रैल से 16 अप्रैल) में ही पुलिस ने रिकॉर्ड 10,880 वाहनों का चालान काटकर नियम तोड़ने वालों को कड़ा संदेश दिया है।
हादसों को रोकने के लिए ‘अलर्ट मोड’ पर पुलिस
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले के हर छोटे-बड़े चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर से लेकर कस्बों तक ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इस अभियान में मुख्य रूप से इन चार गलतियों पर पैनी नजर रखी जा रही है:
- बिना हेलमेट बाइक चलाना।
- ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार)।
- बाइक पर ट्रिपल राइडिंग।
- शराब पीकर वाहन चलाना।
राजस्व नहीं, जान बचाना प्राथमिकता:
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी खजाना भरना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। उन्होंने कहा, “हाल के सड़क हादसों की समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश मौतें लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के कारण हुई हैं। हेलमेट कोई बोझ नहीं है, बल्कि यह जीवन रक्षा का सबसे सरल साधन है।”
जनता की नाराजगी और पुलिस का रुख:
सख्ती के बीच कुछ स्थानों पर पार्किंग की कमी और पुलिस के कड़े व्यवहार को लेकर आम जनता ने असंतोष भी जताया है। इस पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने मातहतों को कड़े निर्देश दिए हैं:
- शालीन व्यवहार: चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी जनता से अभद्रता न करें।
- पार्किंग समस्या: जहां पार्किंग की समस्या है, वहां जिला प्रशासन के साथ मिलकर जल्द ही उचित स्थान चिह्नित किए जाएंगे।
जनता से अपील:
पुलिस ने नागरिकों से गुजारिश की है कि वे चालान के डर से नहीं, बल्कि अपने परिवार की खुशी और स्वयं की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें।












