Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 03 January, 2026 (Saturday, 05:51pm)IST
महराजगंज: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी आगामी 6 जनवरी को कार्यभार संभालने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचेंगे। उनके प्रथम आगमन को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष संजय पांडेय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
कतरारी से मुख्यालय तक सजेगा स्वागत द्वार:
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का आगमन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के जोश का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जिले की सीमा कतरारी से लेकर महराजगंज मुख्यालय तक पंकज चौधरी का जोरदार स्वागत किया जाएगा। गोरखपुर से ही जिले तक होर्डिंग्स और बैनर लगा दिए गए हैं और जगह-जगह तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं।
अनुभव से संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा: सदर विधायक
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि पंकज चौधरी का लंबा राजनीतिक अनुभव उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठन को एक नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने नेता के प्रति सम्मान और अटूट विश्वास व्यक्त करने के लिए इस दिन को उत्सव की तरह मनाएंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद:
तैयारी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा और प्रमुख प्रतिनिधि इंजी. विवेक गुप्ता ने भी अपने विचार साझा किए और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल, जिला महामंत्री बबलू यादव, ओम प्रकाश पटेल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, बलराम दुबे, गोविंद जायसवाल, अमन पांडेय, राकेश अग्रहरी, और संजीव शुक्ला सहित भारी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।













