Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 14 January, 2026 (Wednesday, 02:51pm)IST
महराजगंज/भिटौली: जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकारपुर चौकी के ग्राम सभा दरौली में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दरौली ताल के किनारे एक नवजात बच्ची का शव मिला। ताल के पास शव होने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम:
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा और शिकारपुर चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
जांच और पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू:
पुलिस ने नवजात के शव का पंचनामा भरकर उसे जिला चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिकारपुर चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि ताल के किनारे एक नवजात का शव पड़ा है। उन्होंने कहा, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।”
परिजनों की पहचान की कोशिश:
पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ स्वास्थ्य केंद्रों से भी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि बच्ची के माता-पिता या परिजनों की पहचान की जा सके। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।













