Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 03 January, 2026 (Saturday, 02:51pm)IST
महराजगंज/बागापार: विकास खंड सदर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बागापार में संतशरण सिंह स्मारक स्टेट तिराहे से शंकरपुर करनहिया तक जाने वाली मुख्य सड़क की मरम्मत का कार्य अधूरा छोड़े जाने से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने इस लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन कर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को शिकायत पत्र सौंपा और सड़क को अविलंब दुरुस्त करने की मांग की।
मंडी समिति ने मरम्मत से झाड़ा पल्ला:
ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 10 वर्ष पूर्व मंडी समिति ने इस पक्की सड़क का निर्माण कराया था। लंबे समय से जर्जर इस मार्ग का जीर्णोद्धार कार्य वर्तमान में चल रहा है, लेकिन संतशरण सिंह स्मारक स्टेट तिराहे से लगभग 150 मीटर के हिस्से को अचानक मरम्मत से वंचित छोड़ दिया गया।
जब ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई, तो मंडी समिति के परियोजना अधिकारी (पीओ) ने फोन पर सूचित किया कि शेष 150 मीटर सड़क की मरम्मत मंडी समिति द्वारा नहीं कराई जाएगी।
दुर्घटनाओं को दावत दे रहा क्षतिग्रस्त हिस्सा:
सड़क का यह छोटा सा टुकड़ा पूरी तरह से टूट चुका है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरा काम होने की वजह से यहां अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जनहित को देखते हुए इसे किसी अन्य सरकारी मद से ठीक कराया जाए ताकि आवागमन सुचारू हो सके।
इस दौरान मुख्य रूप से उमेश चंद्र मिश्र, काशी प्रसाद, लंबूलाल, राजकुमार, विजय रंजन, प्रभुदयाल, रामआशीष, जग्गन, बिकाऊ, नेबुलाल, छोटेलाल, राकेश, संदीप, लक्ष्मण, मोनू और भोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













