“अनुशासन और नेतृत्व की पाठशाला है स्काउटिंग: डीआईओएस प्रदीप शर्मा”
Reported by: Amit Yadav
Edited by: Adrash Tripathi
Updated: 20 December, 2025 (Saturday, 07:41pm)IST
सिसवा बाजार/महराजगंज: विकास खण्ड सिसवा के कर्मही स्थित एस एस इंटर कॉलेज में आयोजित प्रथम एवं द्वितीय सोपान के तीन दिवसीय स्काउट/गाइड प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को विधिवत समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रदीप शर्मा रहे।
जीवन जीने की कला है स्काउटिंग:
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदीप शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि मात्र नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह संस्था विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का विकास कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है। उन्होंने स्काउटिंग को विश्व की सबसे बड़ी वर्दीधारी संस्था बताते हुए युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण में सीखे गुण:
तीन दिनों तक चले इस शिविर में एएलटी स्काउट उमेश गुप्ता एवं प्रशिक्षक केशव तिवारी ने लगभग 100 स्काउट्स-गाइड्स को प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों ने प्रवेश सोपान से लेकर राष्ट्रपति स्काउट तक के पाठ्यक्रम को समझा। इस दौरान गांठ बंधन, दिशा ज्ञान, स्काउट नियम, संकेत चिन्ह और प्राथमिक चिकित्सा जैसी व्यावहारिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।
बाल विवाह के खिलाफ हुंकार:
शिविर के अंतिम दिन एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल देखने को मिली। डीआईओएस के नेतृत्व में सभी अध्यापकों और विद्यार्थियों ने बाल विवाह पर रोक लगाने के लिए सामूहिक शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं इस कुरीति से दूर रहेंगे, बल्कि समाज को भी जागरूक करेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन:
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। इसके पश्चात गाइड टीम ने गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय मिश्रा ने सभी अतिथियों और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित:
कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अभिषेक श्रीवास्तव, स्तुत पाठक, मनीष कन्नौजिया, स्काउट मास्टर राहुल शर्मा, आकाश पाण्डेय, सतीश पाण्डेय, अखिलेश पाण्डेय, राकेश गुप्ता और त्रिलोकी चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।













