DM और SP ने कसी कमर; 327 में से मात्र 8 वाहनों में मिले ट्रैकिंग सिस्टम, जिलाधिकारी ने जताई कड़ी नाराजगी
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 24 March, 2026 (Tuesday, 11:05pm)IST
महराजगंज: जनपद में अवैध खनन और उसके काले कारोबार पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने पूरी तरह से मोर्चा खोल दिया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने संयुक्त बैठक कर दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि नियम विरुद्ध खनन और परिवहन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन 319 वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जो बिना व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) के सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
तकनीक से होगी अवैध परिवहन की घेराबंदी:
बैठक के दौरान सामने आया कि जनपद में खनन परिवहन के लिए कुल 327 वाहन पंजीकृत हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से केवल 8 वाहनों में ही वीएलटीडी (VLTD) लगा हुआ है। डीएम ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए खनन निरीक्षक और एआरटीओ को आदेश दिया कि बिना ट्रैकिंग डिवाइस वाले वाहनों का संचालन तुरंत रोका जाए। अब हर वैध वाहन की लोकेशन प्रशासन की रडार पर होगी।
नई रणनीति के मुख्य बिंदु:
- पहचान के लिए ‘कोड’: सभी पंजीकृत वाहनों पर विशिष्ट संकेतक चिन्ह (पेंटिंग या विशेष मार्क) लगाना अनिवार्य होगा, ताकि दूर से ही अवैध वाहनों की पहचान हो सके।
- सिर्फ कमर्शियल वाहन: खनन सामग्री का ढुलान केवल अधिकृत वाणिज्यिक वाहनों से ही होगा। निजी वाहनों के इस्तेमाल पर गाड़ी सीज करने की कार्रवाई होगी।
- संयुक्त टास्क फोर्स: राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो प्रमुख मार्गों पर ‘सरप्राइज चेकिंग’ (औचक निरीक्षण) करेंगी।
“अवैध खनन पर्यावरण और राजस्व दोनों के लिए खतरा है। सभी उपजिलाधिकारी और थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में अवैध परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।”
— संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी
बैठक में ये रहे मौजूद:
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एआरटीओ मनोज सिंह, सभी तहसीलों के एसडीएम और खनन अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि पुलिस बल की संयुक्त टीमें सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुनिश्चित करेंगी कि नियमों का उल्लंघन न हो।













