सुबह 8 बजे से ही शुरू हुई सघन चेकिंग, तीन जोनल और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में निष्पक्षता का पहरा
जेएनएम पीजी कॉलेज पर खुद सदर एसडीएम और सीओ ने संभाला मोर्चा, पारदर्शी ढंग से परीक्षा कराने की तैयारी
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 14 June, 2026 (Sunday, 10:51am)IST
महराजगंज: राजकीय इंटर कॉलेजों (जीआईसी) में प्रवक्ता पद पर भर्ती के लिए रविवार को जनपद में परीक्षा का शंखनाद हो गया। परीक्षा को पूरी तरह सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। सुबह 9:30 बजे से शुरू हुई यह परीक्षा दोपहर 11:30 बजे तक चलेगी, जिसके लिए जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 5,168 पंजीकृत अभ्यर्थी भाग्य आजमा रहे हैं।
सुबह 8 बजे से ही सजग दिखा प्रशासन, हुई सघन जांच
रविवार की सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल को रोकने के लिए प्रशासन सुबह से ही पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुबह ठीक आठ बजे से ही सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) शुरू कर दी गई, जिसके बाद ही उन्हें परिसर के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई।
तीन जोनल और हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले को ज़ोन और सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के लिए 3 जोनल मजिस्ट्रेट लगातार क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इसके अलावा, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो पल-पल की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को भेज रहे हैं। परीक्षा की आंतरिक व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए हर केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद हैं।
अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा
शहर के प्रमुख केंद्र जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज पर सुबह प्रवेश के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने खुद अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ , सदर उपजिलाधिकारी (SDM) जितेंद्र कुमार और सदर क्षेत्राधिकारी (CO) अंकुर गौतम अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने चेकिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया और सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इन 12 केंद्रों पर हो रहा है मूल्यांकन
विभिन्न केंद्रों पर अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार 368 से लेकर 480 तक परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं। जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्र इस प्रकार हैं:
- जीएसवीएस इंटर कॉलेज, महराजगंज
- राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, धनेवा-धनेई
- जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महराजगंज (ब्लॉक-ए)
- जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महराजगंज (ब्लॉक-बी)
- लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, मथुरानगर
- सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज, आनंदनगर फरेंदा
- श्री शिवजपत सिंह जनता इंटर कॉलेज, मिटौली बाजार
- पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार
- दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज, चौक बाजार
- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फरेंदा
- डा. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, महराजगंज
- राजकीय इंटर कॉलेज, महराजगंज











