करमही के एसएस इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्रों ने जिले में लहराया परचम, कुल 40 विद्यार्थी मेडल व सर्टिफिकेट से नवाजे गए
Reported by: Amit Yadav
Edited by: Adrash Tripathi
Updated: 30 May, 2026 (Saturday, 11:05pm)IST
महराजगंज/सिसवा बाजार(करमही): शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले के होनहार विद्यार्थियों ने एक बार फिर महराजगंज का नाम रोशन किया है। जिला मुख्यालय पर आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले 40 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस गौरवशाली सूची में एसएस इंटरमीडिएट कॉलेज, करमही (सिसवा बाजार) के मेधावियों ने भी अपनी मेधा का परचम लहराते हुए विशेष स्थान प्राप्त किया है।
प्रशासनिक अधिकारियों और शिक्षा विभाग के आला अफसरों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में जैसे ही बच्चों के नामों की घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अधिकारियों ने बच्चों को मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
1 जून को मुख्यमंत्री के मंच पर सजेगा मेधावियों का सम्मान
जिला स्तर पर सफलता का परचम लहराने वाले इन ४० मेधावी छात्रों के लिए आगामी 1 जून का दिन बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। ये सभी छात्र सूबे के माननीय मुख्यमंत्री जी के भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहाँ मुख्यमंत्री स्वयं अपने हाथों से इन होनहारों को पुनः सम्मानित करेंगे। इस खबर के बाद से सम्मानित होने वाले बच्चों के परिवारों और पूरे विद्यालय प्रशासन में जश्न और भारी उत्साह का माहौल है।
विद्यालय परिवार व क्षेत्र में खुशी की लहर
एसएस इंटरमीडिएट कॉलेज, करमही के प्रबंधन और शिक्षक शिक्षिकाओं ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण अंचल के बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह मुकाम हासिल किया है। जिले के बाद अब सीधे मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होना पूरे सिसवा क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव की बात है।











