Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 31 May, 2026 (Sunday, 08:55pm)IST
- परतावल के आजाद नगर (कुर्मी टोला) में दो पक्षों में जमकर मारपीट
- – गंभीर रूप से घायल चार लोग जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर
- – एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात, शांति व्यवस्था कायम
महराजगंज: रास्ते में ईंट रखने का मामूली विवाद रविवार को एक बड़े खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह आजाद नगर (कुर्मी टोला) में दो पक्षों के बीच दोपहर में हुई भीषण मारपीट में दोनों तरफ से कुल 10 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
शनिवार की मामूली कहासुनी बनी रविवार का संग्राम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी रामनरेश यादव अपने मकान का निर्माण कार्य कराने के लिए दरवाजे के पास ईंट रखवाए थे। शनिवार शाम दूसरे पक्ष के राजेंद्र राजभर ने इस ईंट को रास्ते में रखने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर रविवार सुबह चौकी पर बुलाया था।
रविवार सुबह एक पक्ष से रामनरेश यादव व संजय यादव और दूसरे पक्ष से राजेन्द्र राजभर व रंजू राजभर चौकी पहुंचे। पुलिस दोनों पक्षों को बैठाकर मामले की जानकारी ले ही रही थी कि इसी बीच दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव में मौजूद दोनों पक्षों के अन्य लोग आमने-सामने आ गए और विवाद उग्र हो गया।
ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला, गर्भवती महिला सहित कई घायल
देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के गोविंद राय, हरेन्द्र राय, किशन राय, दुर्गावती देवी, गुड्डी राजभर, खुशी और एक गर्भवती महिला किरण राजभर गंभीर रूप से घायल हो गईं। चिकित्सकों के अनुसार, दुर्गावती देवी का हाथ तीन जगहों से टूट गया है, जिन्हें हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनके साथ हरेन्द्र राय और किशन राय को भी जिला अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष से पप्पू यादव, उनकी पुत्री शिल्पा यादव और पुत्र सचिन यादव चोटिल हुए हैं। पप्पू यादव के सिर में गंभीर चोट आने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है और उनका हाथ भी टूट गया है। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अस्पताल में भी उपजा तनाव, पुलिस ने संभाला
मारपीट के बाद जब घायलों को अस्पताल ले जाया गया, तो वहाँ भी दोनों पक्षों के समर्थक जुटने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया।
क्या कहती है पुलिस?
“मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संजय यादव और राजेंद्र राजभर का शांतिभंग (धारा 151) में चालान किया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है और वर्तमान में पूर्ण शांति व्यवस्था कायम है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
— सत्यप्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष (श्यामदेउरवा)











