- कुशीनगर से रिश्तेदारी से लौटते समय बरवा द्वारिका के पास देर रात हुआ हादसा
- एक भाई की मौके पर मौत, दूसरे ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम
- पुलिस ने ट्रेलर को लिया कब्जे में, गांव में पसरा मातम
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 25 July, 2026 (Saturday, 03:51pm)IST
सिसवा/महराजगंज: कोठीभार थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरवा द्वारिका के समीप देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक अनियंत्रित ट्रेलर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही परिवार के दो चिराग बुझने से रजवल मदरहा गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लौटते समय रास्ते में घात लगाए बैठी थी मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजवल मदरहा गांव निवासी कृष्णा और उसका चचेरा भाई शिवलाल बाइक से कुशीनगर जनपद के लक्ष्मीगंज स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। वहां से देर रात दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बरवा द्वारिका के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कृष्णा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इलाज के दौरान दूसरे भाई ने भी हारी जिंदगी की जंग
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से गंभीर रूप से घायल शिवलाल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार को इलाज के दौरान शिवलाल ने भी दम तोड़ दिया।
सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने की कार्रवाई
इस भीषण सड़क हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है।
क्या कहती है पुलिस:
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
वहीं, इस हृदयविदारक घटना से पूरे रजवल मदरहा गांव के लोग स्तब्ध हैं। जवान बेटों की मौत से परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।










