- शातिराना अंदाज: गहने देखने के बहाने दुकान में घुसीं, बातचीत में उलझाकर वारदात को अंजाम दिया; पूरी घटना CCTV में कैद
- दहशत: दिनदहाड़े हुई चोरी से बृजमनगंज कस्बे के व्यापारियों में भारी आक्रोश, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 17 July, 2026 (Friday, 10:55pm)IST
महराजगंज/बृजमनगंज: कस्बे के व्यस्त बाजार में स्थित ‘सना ज्वैलर्स’ की दुकान पर शुक्रवार को दिनदहाड़े टप्पेबाजी की एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। गहने देखने के बहाने एक टेंपो से पहुंची पांच शातिर महिलाओं ने अत्यंत सफाई से एक सोने का झालर पार कर दिया। घटना की भनक दुकानदार को शाम को आभूषणों के मिलान के दौरान लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
व्यूहरचना के तहत दुकान में आईं महिलाएं
प्राप्त विवरण के अनुसार, शुक्रवार दोपहर एक टेंपो से पांच महिलाएं बृजमनगंज कस्बे में आईं। योजना के मुताबिक, पहले दो महिलाओं ने सना ज्वैलर्स की दुकान के भीतर प्रवेश किया और गहने देखने लगीं। इसके कुछ ही देर बाद उनके पीछे तीन अन्य महिलाएं भी अंदर आ गईं। दुकानदार ने सभी को ग्राहक समझकर अलग-अलग काउंटर पर आभूषण दिखाने शुरू कर दिए। इसी बीच दुकान में बढ़ी भीड़ और बातचीत का फायदा उठाकर महिलाओं ने नजर बचाकर वारदात को अंजाम दे दिया।
CCTV ने खोला शातिरों का राज
यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि पीछे बैठी एक महिला बड़ी चालाकी से आगे की कुर्सी पर खिसकती है, तभी दूसरी महिला उसे कान का सोने का झालर थमा देती है। इसके तुरंत बाद तीन महिलाएं बाहर निकल जाती हैं, और उनके पीछे बची हुई दोनों महिलाएं भी नौ दो ग्यारह हो जाती हैं। शाम को जब दुकानदार ने स्टॉक का मिलान किया, तो एक सोने का झालर गायब देख उसके होश उड़ गए।
व्यापारियों में भारी रोष, गश्त बढ़ाने की मांग
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से कस्बे के सर्राफा कारोबारियों सहित आम व्यापारियों में असुरक्षा को लेकर गहरा आक्रोश है। व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त तत्काल बढ़ाई जाए और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाए।
तहरीर के आधार पर कार्रवाई, जल्द होगा खुलासा: थानाध्यक्ष
मामले की जानकारी देते हुए बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दुकान और उसके आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि महिलाओं के रूट और पहचान का पता लगाया जा सके। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं, जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।










