- बार व बेंच के समन्वय से आमजन को मिले सुलभ न्याय : डीएम
- डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने पदाधिकारियों को दिलाई शपथ और बांटे प्रमाण-पत्र
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 25 July, 2026 (Saturday, 04:21pm)IST
महराजगंज: कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
न्याय की उम्मीद लेकर आने वाला व्यक्ति निराश न लौटे
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि बार और बेंच के बीच निरंतर संवाद एवं बेहतर समन्वय बना रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा, “न्याय की उम्मीद लेकर कलक्ट्रेट आने वाला कोई भी व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में निराश होकर वापस न जाए, इसके लिए अधिवक्ताओं और प्रशासन को एक टीम की तरह मिलकर कार्य करना होगा।”
वादकारियों के हितों की रक्षा हमारी प्राथमिकता: बार अध्यक्ष
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शुक्ल (एडवोकेट) ने अपने संबोधन में आश्वस्त किया कि बार के सभी सदस्य वादकारियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव बेंच का सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य आमजन को सस्ता, सुलभ और समयबद्ध न्याय दिलाना है।
सफल कार्यकाल की दी शुभकामनाएं
समारोह में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, अपर उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र कुमार तथा उप जिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर तहसीलदार सदर पंकज शाही, नायब तहसीलदार घुघली विवेक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार कटहरी पदुम्म सिंह, सतीश चंद्र श्रीवास्तव (एडवोकेट), दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेन्द्र मिश्र (एडवोकेट), रामप्रसाद पटेल, राकेश बिहारी लाल, जितेंद्र लाल, केशव पांडेय, श्याम मोहन पांडेय, अनिरुद्ध लाल, और जगदंबा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र ने किया।










