July 28, 2026 11:44 am

गौनारिया पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार चार लोग गंभीर

Reported by: Adrash Tripathi 

Edited by: Amit Yadav 

Updated: 16 July, 2026 (Thrusday, 10:51pm)IST

  • अज्ञात चार पहिया वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, जिला अस्पताल में भर्ती
  • टक्कर के बाद वाहन समेत चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

महराजगंज: क्षेत्र के गौनारिया पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की शाम करीब 5:44 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल सवार चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक काफी दूर जाकर गिरी और उस पर सवार चारों लोग लहूलुहान होकर सड़क पर तड़पने लगे। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

चीख-पुकार मचते ही दौड़े स्थानीय लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय गौनारिया पेट्रोल पंप के समीप अचानक एक तेज आवाज हुई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन बाइक को रौंदते हुए निकल गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया।

एक ही गांव के हैं सभी घायल

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सभी लोग गंगराई गांव के निवासी हैं। घायलों की पहचान जुबेर आलम, कबीर आलम, सकीला खातून (पत्नी अंशिक अली) और कबीर की पुत्री खालिदा खातून के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर, सिसवा बाजार निवासी साजन और घुरहू प्रसाद समेत कई अन्य परिचित भी अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंच गए।

यातायात रहा बाधित, चालक की तलाश में पुलिस

भीषण हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने स्थिति को संभाला और आवागमन सुचारू कराया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के इनपुट के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें