काल बना आम का पेड़: 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से किशोर की मौत

निचलौल क्षेत्र के बंदी बिशुनपुरा की घटना, पेड़ पर आम तोड़ते समय हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम

महराजगंज/निचलौल: थाना क्षेत्र के ग्राम बंदी बिशुनपुरा में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। दोपहर में पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहे एक किशोर की ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद से ही मृतक के घर में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

करंट लगते ही तार पर लटक गया किशोर

ग्रामीणों के अनुसार, बंदी बिशुनपुरा निवासी किशोर रघुवीर (15) शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी बीच उसका हाथ पेड़ के पत्तों के बीच से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट का झटका इतना भयानक था कि किशोर बुरी तरह झुलसकर तार पर ही लटक गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

शोक संतप्त परिजनों और ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद किसी तरह किशोर को नीचे उतारा और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निचलौल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी पुलिस

मामले की जानकारी मिलते ही निचलौल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि करंट लगने से किशोर की मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें