केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी द्वारा केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समेकित जनकल्याण व जनजागरूकता अभियान

केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने किया पौधरोपण, कार्यकर्ताओं से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने की अपील की

Reported by: Adrash Tripathi 

Edited by: Amit Yadav 

Updated: 05 June, 2026 (Friday, 09:15pm)IST

महराजगंज: विश्व पर्यावरण दिवस और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित नवीन मंडी परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद पंकज चौधरी ने पौधरोपण कर आम जनमानस को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

पौधरोपण के उपरांत परिसर में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण सुरक्षा और पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा हासिल की गई ऐतिहासिक उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

वैश्विक स्तर पर भारत ने पेश की मिसाल

गोष्ठी को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारे दायित्वों को निभाने का संकल्प दिवस है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी नेतृत्व के कारण आज भारत ने पर्यावरण सुरक्षा और हरित विकास (Green Growth) के क्षेत्र में दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। साल 2014 के बाद से सौर ऊर्जा और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में जो काम हुआ है, उसी का नतीजा है कि आज भारत दुनिया के शीर्ष सौर ऊर्जा उत्पादक देशों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

कार्यकर्ता हर घर तक ले जाएंगे विकास के कार्य

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं। इन 12 वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे से लेकर गरीब कल्याण तक के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की इन सभी ऐतिहासिक उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

मुहिम से जुड़ेंगे सभी कार्यकर्ता

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई देशव्यापी मुहिम ‘एक पेड़ मां के नाम’ का जिक्र करते हुए भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि महराजगंज और आसपास के क्षेत्रों में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी माता जी के नाम पर एक पौधा जरूर लगाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि वे उसके बड़े होने तक उसके संरक्षण और देखभाल का जिम्मा भी उठाएंगे।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें