महराजगंज: ‘वीआईपी कल्चर’ पर पुलिस का कड़ा प्रहार, एक ही दिन में 461 वाहनों के चालान, 83 से उतरी काली फिल्म

Reported by: Adrash Tripathi 

Edited by: Amit Yadav 

Updated: 04 June, 2026 (Thrusday, 04:55pm)IST

  • विरोध और ज्ञापन के बावजूद एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चेकिंग अभियान तेज
  • ▫️ दो गाड़ियों से उतारे गए अवैध हूटर-सायरन, तीन वाहन सीज; ओवरस्पीडिंग और बिना हेलमेट वालों पर भी गिरा कानून का डंडा

महराजगंज: जनपद में यातायात मापदंडों के उल्लंघन और अवैध ‘वीआईपी कल्चर’ के खिलाफ पुलिस का डंडा लगातार चल रहा है। सघन वाहन चेकिंग को लेकर हो रहे विरोध और ज्ञापनों की परवाह न करते हुए पुलिस प्रशासन नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर एक्शन लेने में कोई कोताही नहीं बरत रहा है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के कड़े निर्देशन में बुधवार को जिले भर में चले विशेष अभियान के तहत कुल 461 वाहनों का चालान किया गया और तीन गाड़ियों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान में सबसे बड़ा प्रहार रसूखदारों पर हुआ। सड़कों पर अवैध रूप से हूटर और सायरन बजाकर रॉक झाड़ने वाले दो वाहनों से तत्काल हूटर उतरवाए गए। इसके साथ ही, यातायात नियमों को ठेंगा दिखाकर दौड़ रहीं 83 चार पहिया गाड़ियों के शीशों पर लगी प्रतिबंधित काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) को मौके पर ही उतरवाकर विधिक कार्रवाई की गई।

मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग

एसपी के निर्देश पर जिले के समस्त थाना क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। यातायात पुलिस प्रभारी अरूणेन्द्र प्रताप सिंह ने खुद कमान संभालते हुए नगर क्षेत्र के अलावा शिकारपुर और घुघली में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रफ्तार का कहर बरपाने वाली 4 गाड़ियों का ओवरस्पीड में चालान किया गया, जबकि बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने वाले 7 चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई। यातायात पुलिस ने अलग से कुल 22 चालान काटे।

नियम तोड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं: एसपी

“यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। वाहनों पर अवैध हूटर, सायरन या प्रतिबंधित काली फिल्म लगाना कानूनन अपराध है। आम जनता से अपील है कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट-बेल्ट अवश्य लगाएं। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई तय है और यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”

— शक्ति मोहन अवस्थी, एसपी, महराजगंज

 

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें