Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 30 October, 2025 (Thrusday, 10:31pm)IST
महराजगंज/फरेंदा: जिले के फरेंदा तहसील में बृहस्पतिवार को उप जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र गौतम की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विशेष प्रगण पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई, जिसमें एसडीएम ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी और सभी दलों से सहयोग की अपील की।
उपजिला मजिस्ट्रेट फरेंदा शैलेन्द्र गौतम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विशेष प्रगण पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे और गलत दर्ज या दो स्थानों पर मौजूद नामों को संशोधित या हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी ताकि आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।एसडीएम ने सभी राजनीतिक दलों से इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करने और जनता को सही जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से दूर रहना आवश्यक है।
मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र (Democracy) की मजबूती का आधार है, इसलिए सभी दलों को अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करना चाहिए ताकि योग्य नागरिक अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकें।बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी पुनरीक्षण की प्रक्रिया को समझा और अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी को स्पष्ट बताया और आश्वासन दिया कि वे इस अभियान में पूर्ण सहयोग करेंगे।












