Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 27 July, 2026 (Monday, 04:11pm)IST
सिंदुरिया/महराजगंज: भीषण गर्मी के इस मौसम में सिंदुरिया क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अनवरत हो रही भारी कटौती से स्थानीय उपभोक्ताओं का जीना मुहाल हो गया है और पूरे क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में शाम 7:00 बजते ही बिजली गुल हो जाती है, जिसके बाद पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं होती। भीषण गर्मी और उमस के बीच रात भर बिजली न रहने से लोग सोने को तरस रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग और मरीज इस बदहाल व्यवस्था से सर्वाधिक प्रभावित हैं।
विभाग का दावा हवा-हवाई: कागजों में आपूर्ति, धरातल पर सन्नाटा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब कल रात 10:00 बजे अधिशासी अभियंता (एक्सियन), महराजगंज से दूरभाष पर बात की गई, तो उनका जवाब जमीनी हकीकत से कोसों दूर मिला। एक्सियन ने बताया कि संबंधित जेई (जूनियर इंजीनियर) के अनुसार क्षेत्र में बिजली सुचारू रूप से चल रही है।
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि जब धरातल पर उपभोक्ता बूंद-बूंद पसीने में तर होकर अंधेरे में रात काट रहे हैं, तो आखिर बिजली किस कागजी आंकड़े में दौड़ रही है? स्पष्ट है कि विभागीय मिलीभगत और भ्रामक रिपोर्टिंग के कारण उच्च अधिकारी भी अंधेरे में हैं और जनता को राहत नहीं मिल पा रही।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली की आपूर्ति केवल कागजों और फाइलों तक सीमित रह गई है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और भ्रामक रिपोर्ट देने वाले जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।










