Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 25 February, 2026 (Wednesday, 07:51am)IST
महराजगंज/निचलौल: जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के क्रम में मंगलवार को निचलौल पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर अपराधियों में खौफ और आम जनमानस में सुरक्षा का भरोसा जगाया गया।
बाजारों और चौराहों पर रही पैनी नजर:
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के मुख्य बाजार, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील गलियों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस की भारी मौजूदगी देखकर जहां अराजक तत्वों में हड़कंप मचा रहा, वहीं व्यापारियों और आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। गश्त के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया गया और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।
संदिग्धों की तलाशी और सघन चेकिंग:
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चार पहिया वाहनों की सघन तलाशी ली। संदिग्ध दिखने वाले युवकों से पूछताछ की गई और उनके पहचान पत्रों की जांच हुई। पुलिस टीम ने बिना हेलमेट, तीन सवारी और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी।
“पुलिस अधीक्षक महोदय के आदेशानुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। पैदल गश्त का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच पुलिस की दृश्यता बढ़ाना और अपराधियों के मन में डर पैदा करना है। क्षेत्र के हर संवेदनशील पॉइंट पर हमारी पैनी नजर है। किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
— अखिलेश कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष निचलौल












