शौच का बहाना बनाकर सीओ दफ्तर के पास से चकमा दे निकला बंदी; एसओजी और स्वाट टीम तलाश में जुटी
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 28 February, 2026 (Saturday, 09:38pm)IST
महराजगंज: श्यामदेउरवा पुलिस की कार्यप्रणाली पर शनिवार को उस वक्त बड़ा सवालिया निशान लग गया, जब पॉक्सो एक्ट का एक शातिर आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम उसे न्यायालय में पेश करने ले जा रही थी। जिला मुख्यालय स्थित सीओ सदर कार्यालय के पास हुई इस घटना से पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल है।
शौच के बहाने दी चकमा:
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाने के पुलिसकर्मी आरोपित को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला मुख्यालय ला रहे थे। जैसे ही पुलिस की गाड़ी सीओ सदर कार्यालय के पास पहुंची, आरोपित ने शौच जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने मानवीय आधार पर जैसे ही उसे उतारा, वह मौके का फायदा उठाकर आंखों से ओझल हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन संकरी गलियों और भीड़ का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा।
जिले भर में नाकेबंदी, टीमें अलर्ट:
बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही महकमे में खलबली मच गई। तत्काल वायरलेस सेट से पूरे जिले को अलर्ट किया गया। एसपी सोमेन्द्र मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसओजी (SOG) और स्वाट (SWAT) समेत कई टीमों को सक्रिय कर दिया है। पुलिस संभावित ठिकानों और आरोपित के घर के आसपास लगातार दबिश दे रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल:
पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले के अपराधी का जिला मुख्यालय जैसी सुरक्षित जगह से भाग जाना पुलिस की सजगता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर चर्चा है कि क्या आरोपित को ले जाते समय आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया था? फिलहाल, पुलिस की पूरी ताकत आरोपित को दोबारा दबोचने में लगी है।
“आरोपित के खिलाफ कस्टडी से फरार होने का केस दर्ज किया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हैं और जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा। लापरवाही बरतने वालों की भी जांच की जाएगी।”
— सोमेन्द्र मीना, एसपी












