Published by: Up Times Live Team
Updated: 07 October, 2025 (Tuesday, 06:42pm)IST
वाराणसी में समीक्षा बैठक के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अब जाति, आय और निवास प्रमाण-पत्र ग्राम पंचायत सचिवालय से भी जारी किए जाएं. उन्होंने अफसरों को अवैध कब्जे हटाने, गरीबों की जमीन की रक्षा, सोशल मीडिया पर निगरानी, त्योहारों में सतर्कता, सड़कें गड्ढामुक्त करने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. देव दीपावली आयोजन को अविस्मरणीय बनाने की तैयारी के भी आदेश दिए.
वाराणसी: यूपी में शासन व्यवस्था को और सुचारू, पारदर्शी बनाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक और कदम बढ़ाया है. वाराणसी सर्किट हाउस में हुई समीक्षा बैठक में सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब जाति, आय और निवास प्रमाण-पत्र ग्राम पंचायत सचिवालय से ही जारी किए जाएंगे. इसका उद्देश्य ग्रामीणों को तहसील के चक्कर काटने से राहत दिलाना और सरकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच को सरल बनाना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सचिवालय को मिनी प्रशासनिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जहां ग्रामीण अपने आवश्यक दस्तावेज, प्रमाण-पत्र और जनसेवा संबंधी कार्य एक ही स्थान पर निपटा सकें. उन्होंने अफसरों से साफ शब्दों में कहा कि किसी भी गरीब की जमीन पर कब्जा न होने पाए, और जहां अवैध कब्जे हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए.
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के निर्देश:
बैठक में सीएम ने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो. किसी भी घटना या शिकायत पर प्रशासन और पुलिस का त्वरित रिस्पॉन्स जरूरी है. उन्होंने निर्देश दिया कि जनता से सीधा संवाद कायम रखा जाए, बॉर्डर इलाकों में सतर्कता बढ़ाई जाए और अपराधियों, गौ-तस्करों पर पैनी नजर रखी जाए. सीएम ने कहा, कानून व्यवस्था पर जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सुरक्षा के मद्देनज़र अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए. साथ ही उन्होंने मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को आदेश दिया कि जीएसटी विभाग की मासिक समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए.
आगामी त्यौहारों को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश:
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दीपावली और देव दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान पुलिस बल हर जगह मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय स्थिति से पहले ही निपटने के लिए प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह अलर्ट रहे. सीएम ने जनपद में जारी विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि हर परियोजना तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरी होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने, जनता से फीडबैक लेने और किसी भी शिकायत को डिफॉल्टर सूची में न आने देने की सख्त हिदायत दी.
सीएम के समक्ष प्रस्तुत की गई प्रगति रिपोर्ट:
बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री को देव दीपावली की तैयारियों से अवगत कराया. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, साइबर क्राइम, गौ-तस्करी पर कार्रवाई, और मिशन शक्ति 5.0 की प्रगति की जानकारी दी. एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने नौ जिलों में चल रहे अभियानों की स्थिति, ई-साक्ष्य, ऑपरेशन त्रिनेत्र, पैदल गश्त और जनसुनवाई की जानकारी साझा की. जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में 18 हजार करोड़ रुपये के 128 प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, जिनमें रिंग रोड फेज-2 का कार्य जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने पांडेयपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण में मैनपावर बढ़ाकर गति लाने के निर्देश दिए.












