चेतावनी: ‘जल्द नहीं मिला मजदूरों को मेहनताना, तो सीडीओ दफ्तर पर होगा अनिश्चितकालीन धरना’
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 17 March, 2026 (Tuesday, 06:21pm)IST
महराजगंज: जनपद में मनरेगा कार्यों के वर्षों से लंबित भुगतान का मामला अब सियासी गलियारों में गरमा गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विकास भवन स्थित सीडीओ (CDO) कार्यालय पर हल्ला बोला। जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मजदूरों के हक के लिए आवाज उठाई।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं मजदूर:
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने कहा कि मनरेगा मजदूर और लाभार्थी लंबे समय से अपने वाजिब मेहनताने के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “मजदूरों का पैसा रोकना अन्याय है। आज गरीब परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। यदि भुगतान तत्काल नहीं हुआ, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और सीडीओ कार्यालय का घेराव कर धरना देगी।”
चुनाव और आचार संहिता का डर:
प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद और पूर्व जिलाध्यक्ष शरद सिंह ‘बबलू सिंह’ ने चिंता जाहिर की कि आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों की आचार संहिता लागू होने वाली है। ऐसे में अगर अभी भुगतान नहीं हुआ, तो यह प्रक्रिया और लंबी खिंच जाएगी, जिससे गरीबों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाएंगी।
DDO ने दिया आश्वासन:
प्रतिनिधिमंडल ने जिला विकास अधिकारी (DDO) भोलानाथ कन्नौजिया को ज्ञापन सौंपकर अपनी माँगें रखीं। डीडीओ ने कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को त्वरित निर्देश जारी किए जा रहे हैं ताकि लंबित भुगतान की बाधाओं को दूर किया जा सके।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद:
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ला, उपाध्यक्ष विनोद सिंह, नूर आलम, पूर्णमासी यादव, महासचिव अफजल अब्बासी, परशुराम यादव, डॉ. नसरुद्दीन, अरविंद कुमार, अकरम सुलेमानी और महेंद्र कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।












