Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 17 March, 2026 (Tuesday, 06:11pm)IST
महराजगंज/नौतनवा: तहसील क्षेत्र में घरेलू गैस की किल्लत ने आम आदमी की रसोई का बजट और सुकून दोनों बिगाड़ दिया है। मंगलवार को गैस न मिलने से गुस्साए उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने नौतनवा गैस गोदाम के सामने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
ट्रक आने के बाद भी वितरण न होने पर भड़के लोग:
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि गैस सिलेंडर की गाड़ी गोदाम पर पहुंच चुकी थी, लेकिन एजेंसी कर्मचारी वितरण करने में आनाकानी कर रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा, “हम घंटों से लाइन में खड़े हैं, ऑनलाइन बुकिंग और डीएससी (DAC) नंबर होने के बाद भी हमें सिलेंडर के लिए तरसाया जा रहा है।”
होम डिलीवरी के दावे कागजी, कतारों में पसीने छूट रहे
कहने को तो गैस एजेंसियां ऑनलाइन बुकिंग के बाद घर पर सिलेंडर पहुंचाने का दावा करती हैं, लेकिन धरातल पर हकीकत इसके उलट है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी पर्ची कटवाने के लिए एजेंसी के बाहर घंटों लाइन लगानी पड़ रही है। डिजिटल इंडिया के दौर में भी शारीरिक रूप से लाइनों में खड़ा होना प्रशासन की व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करता है।
प्रशासनिक रुख:
जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस के हस्तक्षेप और उनके संरक्षण में गैस वितरण शुरू कराए जाने के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए।
“घरेलू गैस वितरण प्रणाली की लगातार जांच की जा रही है। एजेंसियों पर कड़ी निगरानी है ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— नवीन प्रसाद, एसडीएम











