परिवहन निगम के गोरखपुर रीजन को मिलीं 20 नई बसें, राप्ती नगर में चार्जिंग स्टेशन तैयार
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 09 May, 2026 (Saturday, 01:15pm)IST
महराजगंज: जिले के रोडवेज यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें खटारा और धुआं उगलती बसों के बजाय आधुनिक और प्रदूषण मुक्त इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने का मौका मिलेगा। शासन की योजना के तहत गोरखपुर रीजन को 20 नई इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं, जिनमें से महाराजगंज को भी अपना हिस्सा मिलने की पूरी उम्मीद है।
लंबी दूरी का सफर होगा आरामदायक
परिवहन निगम अब डीजल की खपत कम करने और पर्यावरण को बचाने के लिए लंबी दूरी के मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इसी कड़ी में गोरखपुर से अयोध्या और वाराणसी जैसे धार्मिक स्थलों के लिए सेवा शुरू की जा रही है। स्थानीय स्तर पर गोरखपुर-सोनौली और महाराजगंज-ठूठीबारी मार्ग पर इन बसों के चलने की प्रबल संभावना है। जानकारों की मानें तो 20 में से दो से तीन बसें महाराजगंज डिपो के बेड़े में शामिल की जा सकती हैं।
जनरथ के बराबर होगा किराया
इन बसों में यात्रा करने के लिए यात्रियों को जनरथ बसों के बराबर किराया चुकाना होगा। चूंकि ये बसें पूरी तरह वातानुकूलित और शोर-मुक्त होंगी, इसलिए यात्रियों को कम खर्च में लग्जरी सफर का अनुभव मिलेगा।
राप्ती नगर में चार्जिंग पॉइंट तैयार:
इलेक्ट्रिक बसों के सुचारू संचालन के लिए गोरखपुर के राप्ती नगर में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्तमान में बिजली से जुड़े कुछ तकनीकी कार्य शेष हैं, जिन्हें युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है। इन बसों के चलने से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि ईंधन की बचत होने से परिवहन निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
“गोरखपुर रीजन को 20 इलेक्ट्रिक बसें प्राप्त हो चुकी हैं। इन बसों को रूटों पर उतारने की तैयारी चल रही है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और निगम की ईंधन लागत में भी कमी आएगी।”
— सर्वजीत वर्मा, एआरएम, महाराजगंज डिपो











