Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 13 May, 2026 (Wednesday, 09:51pm)IST
महराजगंज/परतावल: श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे और पनियरा मार्ग पर बुधवार सुबह उस समय कोहराम मच गया, जब एक आक्रामक कुत्ते ने राहगीरों पर खूनी हमला बोल दिया। महज दो घंटे के भीतर कुत्ते ने एक के बाद एक कुल 27 लोगों को काटकर लहूलुहान कर दिया। दहशत का आलम यह था कि लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और दुकानों में छिपने लगे। अंततः आक्रोशित ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर लाठी-डंडों से मार डाला।
सुबह की सैर बनी खौफनाक
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे जब लोग टहलने निकले थे, तभी अचानक एक कुत्ते ने हमला करना शुरू किया। सोहन, संतोष, नौशाद और मेराज सहित 27 राहगीर इसके शिकार बने। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कुत्ते के खौफ से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में उमड़ी घायलों की भीड़
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परतावल ले जाया गया। एक साथ इतने मरीजों के पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में भी खलबली मच गई। CHC प्रभारी डॉ. अनिल जायसवाल ने बताया कि सभी घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन (ARV) लगा दिया गया है और प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति स्थिर है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
लगातार हो रहे हमलों से गुस्साए ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ कुत्ते की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और पीट-पीटकर मार डाला। बाद में संक्रमण के खतरे को देखते हुए कुत्ते को जमीन में गहरा दफन कर दिया गया।











