डीएम ने किया अनंतपुर-बड़हरा व जर्दी-डोमरा तटबंध का औचक निरीक्षण
कमजोर कड़ियों को दुरुस्त करने और संवेदनशील स्थलों पर सामग्री जुटाने का सख्त आदेश
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 16 June, 2026 (Tuesday, 04:41pm)IST
महराजगंज: मानसून की दस्तक से पहले जिला प्रशासन ने बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए अपनी कमर कस ली है। जिले को बाढ़ के खतरे से सुरक्षित रखने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल खुद मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने सदर तहसील क्षेत्र के अत्यंत संवेदनशील अनंतपुर-बड़हरा और जर्दी-डोमरा तटबंधों का जमीनी निरीक्षण कर बाढ़ निरोधक कार्यों की हकीकत जानी। डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सभी सुरक्षा कार्य समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं और तटबंधों के कमजोर हिस्सों की २४ घंटे विशेष निगरानी हो।
जियो बैग और जियो ट्यूब से थमेगा कटान
निरीक्षण के दौरान सिंचाई खंड द्वितीय के एसडीओ ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि नदी के ठोकर स्थलों पर जियो बैग और जियो ट्यूब लगाकर कटानरोधी कार्य को पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा, तटबंधों पर स्थापित रेगुलेटरों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त स्लोप को मजबूत करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
बढ़ेगी तटबंध की ऊंचाई, शासन को जाएगा प्रस्ताव
बाढ़ की विभीषिका को स्थायी रूप से कम करने के लिए डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने दूरगामी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अनंतपुर-बड़हरा तटबंध की ऊंचाई बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिकारियों को तुरंत सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि समय रहते शासन को इसका बजट प्रस्ताव भेजा जा सके।
डीएम की सख्त हिदायत: इन बिंदुओं पर काम जारी
- रैट होल और रेन कट की होगी मरम्मत: डीएम ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले तटबंधों पर चूहों द्वारा किए गए छेद (रैट होल), बारिश से हुए कटान (रेन कट) और दरारों की पहचान कर उन्हें तुरंत ठीक किया जाए।
- इमरजेंसी मटेरियल का रहेगा स्टॉक: संवेदनशील स्थानों पर बोल्डर, बालू की बोरियां और वायर क्रेट समेत सभी आवश्यक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू हो सके।
- बाढ़ चौकियां होंगी एक्टिव: स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए तहसीलदार सदर को तटबंधों से सटे गांवों के नावों और नाविकों की सूची तैयार कर उन्हें अलर्ट मोड पर रखने तथा बाढ़ चौकियों को समय से सक्रिय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह रहे मौजूद:
इस अहम निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पंकज शाही, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव सहित सिंचाई विभाग के तमाम आला अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।











