July 28, 2026 1:03 pm

ससुराल आए युवक का फंदे से लटका मिला शव, शरीर पर चोट के निशान से मामला संदिग्ध

Reported by: Adrash Tripathi 

Edited by: Amit Yadav 

Updated: 16 June, 2026 (Tuesday, 04:21pm)IST

महराजगंज (सदर कोतवाली): सदर कोतवाली क्षेत्र के बसन्तपुर राजा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब ससुराल आए एक 35 वर्षीय युवक का शव घर के बरामदे में गमछे के फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पैर जमीन से सटे होने और शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस इसे संदिग्ध मानकर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

शादी समारोह में शामिल होने आया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ जनपद के रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी गांव निवासी दिनेश (35 वर्ष) का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व बसन्तपुर राजा निवासी हीरा की पुत्री बबिता के साथ हुआ था। दंपति का एक आठ वर्षीय पुत्र अमन है। बताया जा रहा है कि बबिता पिछले करीब दो महीने से अपने मायके (बसन्तपुर राजा) में रह रही थी। परिवार में चचेरे भाई का विवाह समारोह होने के कारण दिनेश भी अपनी ससुराल आया हुआ था।

खेत गए थे परिजन, बच्चों ने देखा शव

मंगलवार सुबह ( घटना के दिन) परिवार के अधिकांश सदस्य धान की बेहन काटने के लिए खेतों पर गए हुए थे। इसी दौरान घर में मौजूद बच्चों ने दिनेश का शव बरामदे में गमछे के सहारे फंदे से लटका देखा। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर जमा हो गए। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।

शव की स्थिति और चोट के निशानों ने बढ़ाए सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवाया।

संदिग्ध परिस्थितियां: प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के पैर जमीन से पूरी तरह सटे हुए पाए गए।

चोट के निशान: इसके अलावा मृतक की कमर पर चोट के गंभीर निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।

चौकी प्रभारी का बयान:

बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित कर लिए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही और स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें