Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 30 June, 2026 (Tuesday, 07:21pm)IST
- महराजगंज के घुघली का मामला: 330 रुपये के बिल पर दुकानदार से उलझे थे पुलिसकर्मी
- • सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने की बड़ी कार्रवाई
- • आरोपी होमगार्ड के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को भेजी गई रिपोर्ट
महराजगंज/घुघली: खाकी के रौब और मुफ्तखोरी के शौकीन पुलिसकर्मियों को तीन प्लेट बिरयानी का स्वाद बेहद भारी पड़ गया। बिरयानी खाने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो ईमानदारी का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस के जवान अपनी धौंस जमाने लगे। इस बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) शक्ति मोहन अवस्थी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में शामिल एक होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को रिपोर्ट भेजी गई है। इस कड़े कदम से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला घुघली थाना क्षेत्र का है। क्षेत्र में तैनात यूपी डायल-112 की एक पीआरबी (PRB) पर तैनात दो सिपाही और एक होमगार्ड ड्यूटी के दौरान एक बिरयानी की दुकान पर पहुंचे। तीनों ने वहां बड़े चाव से तीन प्लेट बिरयानी का लुत्फ उठाया। स्वाद का दौर खत्म होने के बाद जब दुकानदार ने हाथ में बिल थमाया, तो सिपाहियों का ‘खाकी का रौब’ जाग उठा। वे पैसे देने में आनाकानी करने लगे और उल्टा दुकानदार को ही डराने-धमकाने लगे।
गिड़गिड़ाता रहा दुकानदार, नहीं पसीजा दिल
दुकानदार और पुलिसकर्मियों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर हो रही इस बहस का किसी ने छिपकर वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में लाचार दुकानदार बेहद भावुक अंदाज में पुलिसवालों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है।
दुकानदार वीडियो में कह रहा है— “साहब, तीन प्लेट का 330 रुपये दाम हुआ, आप 250 रुपये ही दे दीजिए। आप लोगों को तो सरकार से हर महीने मोटी सैलरी मिलती है, लेकिन हम तो इसी छोटी सी दुकान की कमाई से अपने परिवार का पेट पालते हैं।”
हैरानी की बात यह रही कि दुकानदार की इस दलील पर भी पुलिसकर्मियों का दिल नहीं पसीजा और वे लगातार उस पर रौब झाड़ते रहे।
विभाग की किरकिरी होते ही एसपी का चाबुक चला
वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर आम जनता ने पुलिस की इस मुफ्तखोरी और कार्यशैली पर तीखे कमेंट्स करने शुरू कर दिए, जिससे महकमे की भारी किरकिरी होने लगी। मामला जैसे ही एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के संज्ञान में आया, उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत जांच बैठाई। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया।
“पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और जनता के साथ दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है और होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए कमांडेंट को पत्र लिखा गया है।”
— शक्ति मोहन अवस्थी, एसपी, महराजगंज











