स्काई लिफ्टर से बची जान: एक घंटे तक सांसें थामे रहे लोग, पुलिस व नपं कर्मियों ने सूझबूझ से सुरक्षित उतारा
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 10 July, 2026 (Friday, 07:38pm)IST
महराजगंज/चौक बाजार: नगर पंचायत कार्यालय के समीप महराजगंज मार्ग पर गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नेपाल की एक युवती अचानक सड़क किनारे लगे ऊंचे पेड़ पर चढ़ गई और फंदा लगाकर आत्महत्या की धमकी देने लगी। युवती को पेड़ पर फंदे के साथ लटका देख राहगीरों और दुकानदारों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और सड़क के दोनों ओर आवागमन ठप हो गया। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने नगर पंचायत के ‘स्काई लिफ्टर’ की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतारा, तब जाकर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
गले में फंदा डाल डाल पर बैठ गई युवती
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक असामान्य व्यवहार कर रही युवती नगर पंचायत कार्यालय के पास पहुंची और देखते ही देखते पेड़ पर चढ़ गई। उसने अपने दुपट्टे/कपड़े से पेड़ की मजबूत डाल पर फंदा तैयार किया और उसे अपने गले में डाल लिया। यह खौफनाक मंजर देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अनहोनी की आशंका में लोग चीखने-चिल्लाने लगे और युवती से नीचे उतरने की गुहार लगाने लगे।
सूचना पर दौड़ी पुलिस, नपं ने मंगाया स्काई लिफ्टर
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। चौक थानाध्यक्ष मनीष पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवती को सुरक्षित उतारना एक बड़ी चुनौती थी। इस दौरान सूझबूझ का परिचय देते हुए नगर पंचायत चौक के वरिष्ठ लिपिक मनोज यादव ने तत्काल मौके पर हाइड्रोलिक स्काई लिफ्टर मशीन मंगवाई।
घंटों चली मान-मनौव्वल, रेस्क्यू टीम ने दिखाई जांबाजी
नीचे खड़ी पुलिस और नपं की टीम लगातार लाउडस्पीकर और इशारों से युवती को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह बार-बार जान देने की बात कह रही थी। इसके बाद स्काई लिफ्टर की बास्केट में सवार होकर पुलिस और नगर पंचायत के जांबाज कर्मचारी पेड़ की डाल तक पहुंचे। बेहद सावधानी बरतते हुए टीम ने युवती को फंदे से अलग किया और उसे दबोचकर सुरक्षित नीचे ले आए।
नशे में धुत थी युवती, नेपाल पुलिस के सुपुर्द
चौक थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवती की पहचान नेपाल के विराटनगर (मोरंग जिला) निवासी पूनम चौधरी के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया वह अत्यधिक नशे की हालत में थी, जिसके कारण आत्मघाती कदम उठाने का कारण नहीं बता सकी। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद युवती को सीमावर्ती बेलहिया थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है।











