बिना हेलमेट और लाइसेंस के स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को नहीं मिलेगा प्रवेश: डीएम
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 11 July, 2026 (Saturday, 03:21pm)IST
महराजगंज: बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि 18 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राएं बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाते पाए गए, तो उन्हें विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह कड़ा निर्देश जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की दूसरी बैठक में दिया।
डीएम ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि वे ऐसे छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की नियमित रूप से काउंसिलिंग करें। अभिभावकों को प्रेरित किया जाए कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस और हेलमेट के किसी भी हाल में बाइक न सौंपें।
“बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं होगा। सभी स्कूल प्रबंधन अपने वाहनों के कागजात दुरुस्त रखें और अभिभावकों के साथ मिलकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराएं।”
— गौरव सिंह सोगरवाल, डीएम (महराजगंज)
अवैध स्कूली वाहनों पर कसेगा शिकंजा, चलेगा विशेष अभियान
बैठक के दौरान डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ‘मिशनः सेफ फ्यूचर’ अभियान के अंतर्गत बिना वैध प्रपत्रों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले स्कूली वाहनों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
- कागजात पूरे होने पर ही चलेंगे वाहन: जिन विद्यालयी वाहनों के परमिट और फिटनेस की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनका प्रपत्र पूर्ण कराने के बाद ही संचालन किया जाए।
- पोर्टल पर देना होगा शपथ पत्र: यदि कोई स्कूल अपने किसी वाहन का संचालन नहीं कर रहा है, तो इस आशय का शपथ पत्र संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा। जांच में कमी मिलने पर सीधे स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अधिकारियों को नियमित बैठक के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को निर्देशित किया कि जनपद के जिन भी विद्यालयों में वाहन संचालित हैं, वहां ‘विद्यालय यान सुरक्षा समिति’ की बैठकें नियमित रूप से आयोजित कराई जाएं।
बैठक में ये रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल, एआरटीओ मनोज कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह समेत कई विभागीय अधिकारी और शिक्षाविद उपस्थित रहे।











