विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी का सख्त रुख, निर्माण कार्यों और छात्रवृत्ति योजना में ढिलाई पर जताई नाराजगी
Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
Updated: 15 February, 2026 (Sunday, 09:51am)IST
महराजगंज: कलेक्ट्रेट स्थित कैंप कार्यालय में शनिवार को आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का सख्त तेवर देखने को मिला। सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में ‘B, C और D ग्रेड’ कतई स्वीकार्य नहीं है। जिलाधिकारी ने पीएम कुसुम योजना में खराब प्रदर्शन पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए उपनिदेशक कृषि को तत्काल स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।
निर्माण कार्यों में देरी पर भड़के जिलाधिकारी:
जिलाधिकारी ने पर्यटन और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि कार्यदाई संस्थाओं से समन्वय कर परियोजनाओं की पूर्णता तिथि तय की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भवन निर्माण की धीमी गति को लेकर उन्होंने अधिशासी अधिकारी ग्रामीण अभियंत्रण को कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी।
एंबुलेंस रिस्पांस टाइम और छात्रवृत्ति पर जोर:
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि 102 और 108 एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम बेहतर किया जाए ताकि मरीजों को समय पर सहायता मिल सके। वहीं, छात्रवृत्ति योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पीएम सूर्यघर और फैमिली आईडी का लक्ष्य:
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ इसी माह लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, पंचायत सहायकों के माध्यम से फैमिली आईडी बनवाने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
“अधिकारी अपने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर सीधी निगाह रखें। जिन योजनाओं में प्रगति खराब पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी, महाराजगंज
बैठक में ये रहे मौजूद:
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता और पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











